“जंगल राज की भाषा बोलते हैं RJD के लोग” उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का पलटवार

"जंगल राज की भाषा बोलते हैं RJD के लोग" उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का पलटवार

तेजस्वी की सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवालों को बताया निराधार और भय फैलाने वाला कदम


नई दिल्ली, 25 जुलाई 2025

आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को राजद नेता राबड़ी देवी द्वारा लगाए गए तेजस्वी यादव पर हमले की साजिश के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को किसी भी तरह का खतरा नहीं है और उन्हें पूरा सुरक्षा कवच प्राप्त है क्योंकि वे दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के परिवार से हैं।

राबड़ी देवी के “हत्या की साजिश” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय सिन्हा ने कहा, “अगर किसी को असुरक्षा महसूस होती है, तो वे इसे लिखित में दें। तेजस्वी यादव को पहले से ही पर्याप्त सुरक्षा मिली हुई है। राजद सिर्फ डर का माहौल बना रही है और अपने पुराने ‘जंगल राज’ की याद दिला रही है। बिहार की जनता को RJD से ही सबसे ज़्यादा डर है।”


विजय सिन्हा ने आगे कहा कि राजद नेताओं की भाषा में अब भी गुंडागर्दी झलकती है, जो उनकी राजनीति की पहचान रही है। “सरकार सभी को सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन इस तरह का डर फैलाना बंद होना चाहिए,” उन्होंने जोड़ा।

राबड़ी देवी द्वारा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों पर भी सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,“बिना किसी प्रमाण के आरोप लगाना बिहार की छवि को धूमिल करने और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है। राजद को राज्य और जनता को बदनाम करना बंद करना चाहिए।”


इससे पहले दिन में, राबड़ी देवी ने विधानसभा के बाहर SIR (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट) मुद्दे पर बेरोज़गारी और पलायन को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा-जेडीयू गठबंधन तेजस्वी यादव की हत्या की साजिश रच रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक चार बार तेजस्वी की जान लेने की कोशिश की जा चुकी है।

राबड़ी देवी ने कहा,“हम पांच दिनों से विधानसभा को घेर कर बैठे हैं। बिहार से जो 4 करोड़ लोग पलायन कर गए हैं, उनका क्या? तेजस्वी की जान को खतरा है और भाजपा-जेडीयू इसके पीछे है। सरकार को जवाब देना होगा।”
राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है क्योंकि बिहार में अक्टूबर या नवंबर में चुनाव संभावित हैं, हालांकि आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

एनडीए गठबंधन (भाजपा, जेडीयू, लोजपा) जहां सत्ता बरकरार रखने की कोशिश करेगा, वहीं इंडिया गठबंधन (राजद, कांग्रेस, वामदल) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाकर नई सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *